शेखोपुरसराय नगर पंचायत मे नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के शपथ के बाद अब सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर सरगर्मी तेज हो गयी है। नगर पंचायत की कार्यपालिका माने जाने वाली इस समिति में शामिल होने के लिए पार्षदों की जोड़-तोड़ भी शुरू है। उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत में स्थायी समिति महत्वपूर्ण होती है। इसमें भी मुख्य पार्षद के समर्थक पार्षद ही शामिल होते हैं। इस बार मुख्य पार्षद को वैसे पार्षदों को चुनना होगा, जो क्रय समिति में शामिल किए जा सकें। क्योंकि, तमाम तरह के टेंडर करने का निर्णय और टेंडर खोलना आदि क्रय समिति में ही होता है। वह समिति सात लोगों की होती है और इसे नगर पंचायत का कैबिनेट कहा जाता है। अब तक की परंपरा के अनुसार मुख्य पार्षद गुट के ही पार्षद स्थायी समिति के सदस्य मनोनीत होते रहे हैं। शेखोपुर सराय नगर पंचायत में नवनिर्वाचित मुख्य पार्षद रोहित मांझी के लगभग 8 समर्थक पार्षद बताए जाते हैं। अब देखना यह होगा कि किन पांच पार्षदों की लॉटरी लगने वाली है। सुत्रो की मानें तो चरुआवां गांव से दो पार्षद,शेखोपुरडीह गांव से एक पार्षद, नीमी गांव से दो पार्षद को सशक्त स्थाई समिति में मनोनीत किया जा सकता है। हालांकि बाकी अन्य पार्षद जो सशक्त स्थाई समिति में नहीं मनोनीत किया जाते हैं उनकी नाराजगी भी मुख्य पार्षद को झेलना पड़ सकता है।
