शेखपुरा जिले के शेखोपुर सराय प्रखंड स्तरीय व्यापार मंडल के प्रबंध कारिणी समिति सदस्य एवं अध्यक्ष का चुनाव अक्टूबर में होना संभव दिख रहा है। बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार ने शेखपुरा जिला अधिकारी को पत्र भेजकर मतदाता सूची तैयार करने संबंधी निर्देश दिया है। इस पत्र के अनुसार व्यापार मंडल के मतदाता सूची का प्रकाशन निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा 14 सितंबर को किया जाना है। इसके बाद 14 से 24 सितंबर तक आपत्तियों को प्राप्त करने की तिथि तय की गई है। वही 24 से 27 तक आपत्तियों का निष्पादन करके 27 सितंबर को मतदाता सूची का फाइनल प्रकाशन जिला सहकारिता पदाधिकारी कार्यालय व्यापार मंडल कार्यालय एवं शेखोपुर सराय प्रखंड कार्यालय के सूचना पट्ट पर किया जाएगा। विदित हो कि व्यापार मंडल चुनाव में 7 पैक्स सदस्य एवं एक मत्स्यजीवी सहयोग समिति के अध्यक्ष वोट डालते हैं। पिछली बार व्यापार मंडल शेखोपुर सराय के प्रबंध कारिणी सदस्य एवं अध्यक्ष का चुनाव निर्विरोध ढंग से आपसी सहमति से हुआ था। लेकिन इस बार कई पैक्स अध्यक्ष वर्तमान व्यापार मंडल के क्रियाकलाप से खिन्न नजर आ रहे हैं और पैक्स अध्यक्ष का खेमा दो भाग में बट चुका है। वहीं वर्तमान अध्यक्ष दो अन्य प्रखंड स्तरीय सहयोग समिति जैसे मधुमक्खी पालन एवं सब्जी उत्पादक सहयोग समिति बनाकर अपनी चुनावी नैया पार करने में लगे हुए हैं। वहीं दूसरी ओर दूसरे गुट के प्रत्याशी पैक्स अध्यक्ष और मत्स्यजीवी के अध्यक्ष को गोलबंद करने में लगे हुए हैं। शेखोपुर सराय व्यापार मंडल के चलाने के लिए कम से कम 8 सदस्यों का होना जरूरी है। ऐसे में अगर आपसी सहमति नहीं बनती है तो इस बार व्यापार मंडल का सुपर सीड होना तय है। चरुआवां पैक्स अध्यक्ष पीयूष कुमार बताते हैं कि वर्तमान व्यापार मंडल अध्यक्ष की धान खरीद में मनमानी, वित्तीय कुव्यवस्था, प्रखंड स्तरीय सहयोग समिति सब्जी उत्पादक एवं मक्खी पालन सहयोग समिति के गठन बिना सहमति के किए जाने, और दोनों समिति को व्यापार मंडल के मतदाता सूची में जोड़ने संबंधी प्रस्ताव पर फर्जी हस्ताक्षर, सहित अन्य क्रियाकलापों से सारे प्रबंध कारिणी के सदस्य नाराज हैं। और हमने इसकी शिकायत जिला सहकारिता पदाधिकारी से लिखित आवेदन देकर किया है। बहरहाल जो भी हो तत्कालीन स्थिति को देखकर लगता है कि इस पर व्यापार मंडल शेखोपुर सराय का गठन संभव नहीं है आगे अगर आपसी सहमति बन जाती है तो व्यापार मंडल का गठन संभव हो पाएगा।
