नवगठित नगर पंचायत शेखोपुरसराय अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव में सीधे जनता वोट करेंगी। निकायों में इन सर्वोच्च पदों के लिए अब वार्ड प्रतिनिधि वोटर नहीं होंगे,बल्कि जनता सीधे अपने पसंदीदा उम्मीदवार को चुन पाएगी। अब बिहार नगर पालिका संशोधन अध्यादेश 2022 का गजट प्रकाशन कर दिया गया है। अध्यादेश की मंजूरी के बाद शेखोपुर सराय नगर पंचायत में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए दावेदार क्षेत्र में घूम घूम कर अपने उम्मीदवारी की चर्चा कर रहे हैं। हालांकि अभी तक स्थिति साफ नहीं हो पाई है कि कौन कौन उम्मीदवार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर अपनी दावेदारी ठोकेंगे। बात करे नीमी पंचायत की तो यहां से दो मजबूत दावेदार पूर्व मुखिया संजीव कुमार और अशोक सिंह अध्यक्ष पद के लिए दौड़ में हैं। हालांकि अभी नीमी पंचायत से बहुत से लोगों ने नाम का ऐलान नहीं किया है। कई भावी उम्मीदवार दोनों अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की सीटें आरक्षण संबंधी निर्णय का इंतजार कर रहे हैं। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए समाजसेवी अवधेश कुमार तथा पहाड़िया गांव के पूर्व सरपंच मोहम्मद मुस्तकीम भी अपनी उम्मीदवारी की चर्चा लोगों से कर रहे हैं। चरूआवां गांव से युवा नेता वाहिद खान, गुलाम रब्बानी, सुमेर शाहिद अध्यक्ष पद में अपना किस्मत आजमा सकते हैं। पैक्स अध्यक्ष चरूआवां पीयूष कुमार पूर्व प्रमुख सुनील सिंह एवं चरूआवा पंचायत के पूर्व मुखिया कौशलेंद्र कुमार भी शेखोपुर सराय नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए तैयारी में जुटे हैं। लेकिन अभी सारा खेल अभी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की सीटो के आरक्षण कोटे पर निर्णय पर निर्भर करेगा। बहरहाल जो भी हो सरकार के इस फैसले के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पर कायम होने के लिए धन बल का प्रभाव थोड़ा कम हो जाएगा और जनता को सीधे वोट देकर अपने नगर निकाय के सर्वोच्च पद को चुनने का अधिकार मिलेगा।